भुंतर (कुल्लू)। जिला कुल्लू के प्रवेश द्वार भुंतर स्थित नागरिक अस्पताल तेगूबेहड़ का निरीक्षण मंगलवार को कायाकल्प की तीन सदस्यीय टीम ने किया। इस दौरान अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। टीम द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट को स्वास्थ्य निदेशालय शिमला भेजा जाएगा, जिसके आधार पर अस्पताल की रैंकिंग निर्धारित की जाएगी।
कायाकल्प टीम ने अस्पताल की ओपीडी, वार्ड, प्रयोगशाला, लेबर रूम, ट्रामा सेंटर आदि की व्यवस्थाओं का विस्तार से निरीक्षण किया। इसके साथ ही टीम ने मरीजों से भी बातचीत की और उनसे यह पूछा कि अस्पताल में उन्हें उचित उपचार और बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। अस्पताल के स्टाफ ने भी निरीक्षण प्रक्रिया में टीम का पूरा सहयोग किया।
कायाकल्प टीम में चिकित्सा अधिकारी डॉ. दुष्यंत, उपमंडलीय प्रबंधक डॉ. ज्योति और रोहित प्रसाद शामिल थे। डॉ. दुष्यंत ने बताया कि टीम ने तेगूबेहड़ अस्पताल का सात प्रमुख बिंदुओं पर निरीक्षण किया, और इन बिंदुओं के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। यह निरीक्षण प्रदेश के अस्पतालों का कायाकल्प प्रक्रिया का हिस्सा है, और इससे पहले क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू का निरीक्षण किया गया था। संवाद