बरशैणी बांध से बिना सूचना पानी छोड़ने के मामले की चल रही मजिस्ट्रेट जांच
जलस्तर बढ़ने से बह गए थे दो पर्यटक, एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपेंगे एसडीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पार्वती घाटी के बरशैणी बांध से बिना सूचना दिए छोड़े गए पानी से पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ गया था। इससे दो पर्यटक बह गए थे। इस मामले की न्यायिक जांच चल रही है।
एसडीएम कुल्लू निशांत कुमार जांच कर रहे हैं। उन्होंने कसोल में स्थानीय लोगों के साथ कुछ सैलानियों के भी बयान लिए हैं। इससे पहले उनकी टीम बरशैणी गई थी। यहां एनएचपीसी डैम के अधिकारियों के साथ बरशैणी पंचायत के प्रतिनिधियों और लोगों के बयान दर्ज किए थे। अब इसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इसे एडीएम अश्वनी कुमार को सौंपा जाएगा। उन्होंने एसडीएम ने न्यायिक जांच के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। उधर, अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू अश्वनी कुमार ने कहा कि उन्हें अभी जांच रिपोर्ट नहीं मिली है। इसके लिए एसडीएम को एक सप्ताह का समय दिया है। मृतक पर्यटक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पार्वती नदी में दूसरे व्यक्ति के बहने की आशंका को देखते हुए तलाश की जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव, मां-बहन का रो-रोकर बुरा हाल
पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ने की चपेट में आए उतर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले 35 वर्षीय प्रशांत चौरसिया का शव शनिवार को कुल्लू अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। शव लेने के लिए मृतक की माता, भाई और बहन सहित चार लोग आए थे। उधर, प्रशांत चौरसिया की मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पति की मौत के बाद जवान बेटे के जाने से मां पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।