कुल्लू दशहरा उत्सव में वालीबाल प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी।-संवाद
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के तहत शनिवार को ढालपुर के रथ मैदान में राष्ट्रीय और ग्रामीण स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताएं करवाई गईं। ग्रामीण पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में आठ टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं, जबकि राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में छह टीमें भाग ले रही हैं।
राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शनिवार को लीग मुकाबले का एक ही मैच खेला गया। इसमें इंडियन आर्मी ने केआईसी हिमाचल को 3-1 से हराकर जीत दर्ज की। ग्रामीण कबड्डी प्रतियोगिता में पूल-ए के मुकाबलों में बबेली बॉयज और जीएसएसएस ने जीत हासिल की। बबेली बॉयज ने आनी बॉयज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि जीएसएसएस ने भनोगी बॉयज को मात दी। जेजेएन नाथन और आनी वाइज के बीच खेले गए मुकाबले में जेजेएन नाथन की टीम विजेता रही। रविवार को खेल प्रतियोगिताएं सुबह आठ बजे से शुरू होंगी। संवाद