बिजली बोर्ड के जेई, एएई एसोसिएशन ने बैठक में उठाया मसला
नई कार्यकारिणी का भी किया गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश विद्युत परिषद के जेई, एएई एसोसिएशन कुल्लू जोन की आम सभा का आयोजन अटल सदन सभागार में हुआ। इसकी अध्यक्षता राज्यध्यक्ष अभियंता मुकेश राठी ने की।
जोन अध्यक्ष अभियंता रवि ठाकुर भी विशेष तौर पर मौजूद रहे।
राज्य अध्यक्ष अभियंता मुकेश राठी ने एसोसिएशन की नई गतिविधियों और पहलुओं को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय टीम प्रबंधन के सामने कनिष्ठ अभियंताओं की सभी जायज मांगों को दृढ़ता एवं निरंतरता से उठा रही है। बैठक में महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें डिप्लोमा इंजीनियरों के प्रमोशनल कोटा की सुरक्षा, सहायक अभियंता व वरिष्ठ कार्यकारी अभियंता के पदों के लिए निर्धारित डिप्लोमा इंजीनियरों का प्रमोशन कोटा न बदलने, मैदानी और तकनीकी स्टाफ की शीघ्र भर्ती करना शामिल है। इसके अलावा फील्ड सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सहित सात प्रस्ताव पारित किए गए।
कुलदीप को बनाया अध्यक्ष
इस दौरान कुल्लू जोन की पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें कुलदीप ठाकुर को जोन अध्यक्ष बनाया गया है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के तौर पर पुनीत कुमार, उपाध्यक्ष चोबे राम, महासचिव योगेश कुमार, अतिरिक्त महासचिव तिलक ठाकुर, वित्त सचिव वीणा देवी, मुख्य संगठन सचिव विनीत कुमार, प्रकाशन सचिव ध्यान सिंह, संयुक्त सचिव राजेंद्र कुमार, लेखा परीक्षक कुलदीप ठाकुर को बनाया गया है।