संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता गोविंद सिंह ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने राज्य खेल पुरस्कार समारोह में स्कीइंग और स्नो बोर्डिंग के खिलाड़ियों को सम्मानित न करने का आरोप लगाया है। ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले विंटर गेम्स के खिलाड़ियों को पुरस्कारों की सूची से बाहर रखा गया।
उन्होंने इसे खिलाड़ियों के साथ अन्याय बताया। गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि उनके संज्ञान में ऐसे 21 खिलाड़ियों के नाम आए हैं जिन्हें उपलब्धियों के बावजूद राज्य खेल पुरस्कार नहीं मिले। इनमें हिमांशु ठाकुर, वर्षा देवी, प्रोमिला ठाकुर, कमलजीत, मनीष, प्रकृति, दीपिका, योगेश, तनुजा, सुहानी, संध्या, प्रीति, प्रणव, साक्षी, नताशा, शिवानिका, तमन्ना, सेजल, तेनजिन डोलमा, दिया और दीक्षा शामिल हैं। पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने पात्र खिलाड़ियों की उपलब्धियों की समीक्षा कर उन्हें निर्धारित पुरस्कार राशि और सम्मान देने को कहा। संवाद