फोरलेन में भूतनाथ पुल के समीप हादसे का शिकार हुई कार, हादसे में चार की मौत हो गई। संवाद
भूतनाथ के समीप हुए हादसे ने मातम में बदल दीं नए साल की खुशियां
रोते-बिलखते परिजनों को देखकर लोगों की आंखों से भी छलक आए आंसू
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। नए साल का पहला दिन हर किसी के लिए खुशी देने वाला था। बुधवार देर रात को 12 बजे के बाद लोग एक-दूसरे को नववर्ष की बधाई दे रहे थे लेकिन चार परिवारों के लिए नए साल की खुशियां मातम में बदल गईं। वर्ष 2026 की साल का पहला दिन उन्हें कभी न भूलने वाला जख्म दे गया।
भूतनाथ के समीप हुए हादसे में चामुंडानगर के युवक और जल्लुग्रां, उदयपुर, सचानी की तीन युवतियों की मौत हो गई। कलेजे के टुकड़ों को खोने के बाद रोते-बिलखते परिजनों को देखकर हर किसी आंखों भी आंसू आ गए। आधी रात को भूतनाथ पुल के पास जब हादसा पेश आया तो घायलों और मृतकों को कुल्लू अस्पताल लाया गया। इसके बाद सुबह अंधेरा छंटने से पहले ही रिश्तेदारों का आना शुरू हो गया। अपनों का हाल देखकर परिजन बेसुध हो गए। परिजनों को रिश्तेदारों ने संभाला। चीख पुकार से माहौल गमगीन हो गया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरा होने का इंतजार करते रहे। दोपहर करीब एक बजे तक पोस्टमार्टम के बाद चालक सतपाल का शव दिया गया। परिजनों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया। बताया जा रहा कि सतपाल टैटू आर्टिस्ट था। खास बात यह है कि हादसे में मरने वालों की उम्र 20 से 25 साल के बीच है। बहरहाल, मृतकों के परिजन गहरे सदमे में हैं।
फोरलेन सड़क में शनि मंदिर से लेकर तराकड़ा के बीच हादसों को देखते हुए काफी संवेदनशील क्षेत्र में बन गया है। अब इस जोन में कई हादसे हो चुके हैं। फोरलेन सड़क में हुए हादसे के बाद अब कई तरह की चर्चाओं का दौर है।