मनाली (कुल्लू)। कोरोना काल में सरकार की ओर से बंदिशें हटाने के बाद कुल्लू-मनाली में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जुलाई माह में जूून के मुकाबले 25 फीसदी तक सैलानी अधिक बढ़े हैं।
मनाली के मालरोड के साथ सोलंगनाला, अटल टनल, मणिकर्ण घाटी तथा जलोड़ी दर्रा व तीर्थन घाटी पूरी तरह से गुलजार है। देश में मानसून को आए एक माह का समय हो गया है। इसके बाद भी सैलानियों के आने का सिलसिला जारी है। पर्यटक गर्मी से राहत पाने के लिए पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। पर्यटक रोहतांग में स्कीइंग, स्नो स्कूटर, स्लैजिंग, घुड़सवारी का पूरा आनंद ले रहे हैं। सैलानी मनाली के सोलंगनाला व डोभी में पैराग्लाइडिंग तथा ब्यास की धारा में रिवर राफ्टिंग का लुत्फ उठा रहे हैं। दिनभर मनाली की वादियों के सैर सपाटे के बाद शाम को मनाली के मालरोड पर पर्यटकों की भीड़ देखने को मिल रही है। यहां कोरोना नियमों की भी खूब धज्जियां उड़ रही हैं। सामाजिक दूरी को पालन नहीं किया जा रहा है। साथ ही अधिकतर सैलानी मास्क भी नहीं पहन रहे हैं। दिल्ली से मनाली आए अरविंद व दिप्ती ने कहा कि मनाली का मौसम बहुत सुहावना है और यहां की ठंडी वादियों का मजा ले रहे हैं। मनाली के मालरोड पर उमड़ रही सैलानियों की भीड़ से पर्यटन कारोबारी भी गदगद हैं। मनाली होटलियर एसोसिएशन के प्रधान अनूप राम ठाकुर ने बताया कि सरकार की ओर से कोरोना के बाद दी गई ढील से सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी हो गई है। जुलाई महीने में पर्यटन को जून से भी अधिक गति मिली है। हिमाचल पर्यटन विकास के डीजीएम अनिल तनेजा ने कहा कि जुलाई माह के लिए ऑनलाइन बुकिंग हो रही है।