सैंज घाटी के कटोल नाला को जान जोखिम में डालकर पर करने को मजबूर ग्रामीण।-संवाद
बागीशियाड़ी के कटोल नाला में बाढ़ आने से अपनी ही पंचायत से टूट गया ग्रामीणों का संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली/सैंज (कुल्लू)। जिला की सैंज घाटी के लोगों की परेशानियां इस बरसात कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। विगत 25 जून से क्षेत्र में लगातार भूस्खलन और बाढ़ से नुकसान हो रहा है। सोमवार को हुई तेज बारिश से दुर्गम ग्राम पंचायत गाडापारली के गांव बागीशियाड़ी का संपर्क अपनी ही पंचायत से टूट गया है। कटोल नाला पर बनी पुलिया बह गई है, जिससे ग्रामीणों का आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बागीशियाड़ी गांव के ग्रामीणों को आवश्यक कामकाज निपटाने के लिए टूटकर नाले में गिरे पेड़ के तने पर चलकर आर-पार जाना पड़ रहा है। यह कहना गलत नहीं होगा कि ग्रामीणों को नाला जान जोखिम में डालकर पार करना पड़ रहा है। ग्रामीण ठाकुर दत्त, प्रताप, नारायण, शिवू, दिलू ने कहा कि विगत सोमवार को हुई बारिश से कटोल नाला पर बनी पुलिया बह गई है। ऐसे में गांव का संपर्क अपनी ही पंचायत से कट गया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत प्रधान यमुना देवी ने कहा कि रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन और खंड विकास अधिकारी बंजार को भेजी जाएगी।