जिला कारागार में भेजा, एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज हुए थे तीन केस
पुलिस ने अतिरिक्त मुख्य सचिव को भेजा था निरोधात्मक कैद के लिए प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। एनडीपीएस के मामलों में संलिप्त एक आरोपी को जिला अदालत ने तीन महीने के लिए निरोधात्मक कैद (जेल) में भेजा है। आरोपी को बीते शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया था। अदालत ने उसे जिला कारागार भेजा है।
आरोपी खेम राज पुत्र (36) निवासी शाढ़ाबाई, डाकघर बजौरा, तहसील भुंतर, कुल्लू के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज हुए थे। गिरफ्तारी के बावजूद वह मादक पदार्थों की अवैध तस्करी में गुपचुप तरीके से सक्रिय रूप से संलिप्त था। कुल्लू पुलिस की ओर से निरोधात्मक कैद के लिए प्रस्ताव अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह), हिमाचल प्रदेश सरकार को भेजा गया था। आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसे जिला अदालत में पेश किया गया। यहां से उसे जिला कारागार में तीन महीने की अवधि के लिए भेज दिया गया है। एसपी मदन लाल कौशल ने कहा कि अब तक 6 आरोपियों को मादक दवाओं और मन: प्रभावी पदार्थों के अवैध व्यापार की रोकथाम अधिनियम के अधीन निरोधात्मक कैद में भेजा गया है।