प्राथमिक विद्यालय फलाण में मनाया वार्षिक समारोह
शैक्षणिक और खेल में बेहतर प्रदर्शन पर मिले इनाम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राजकीय प्राथमिक विद्यालय फलाण में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। इसमें स्कूली नौनिहालों ने मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नौनिहालों ने एकल गीत, समूह गीत के साथ कुल्लवी नाटी और फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियों से दर्शक दीर्घा में उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों का मन मोह लिया। पारंपरिक कुल्लवी परिधान (कुल्लवी चोला और पट्टू-धाटू) में सजकर नौनिहालों की ओर से प्रस्तुत की गई कुल्लवी नाटी आकर्षण का केंद्र रही।
वार्षिक समारोह में नौनिहालों ने म्हारी बोला जाचा वे ऐणा केरू ती से नाटी का आगाज किया। इसके उपरांत ...बिदा लागी दशमी शाड़ा ओ, ...देश शोभला हिमाचल म्हारा,... लाल चिड़िये..लाल लाल चिड़िये से नाटी को आकर्षक बनाया। वहीं, फिल्मी गीत आजा कर ले गलती से मिस्टेक पर नौनिहालों से नृत्य प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। समारोह में लगघाटी के समाज सेवी रोशन लाल मुख्यातिथि रहे। मुख्याध्यापक गौरी लाल तथा स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामलाल ने उनका कुल्लवी परंपरानुसार स्वागत किया। मुख्याध्यापक गौरी लाल ने वार्षिक रिपोर्ट मुख्यातिथि तथा अभिभावकों के समक्ष प्रस्तुत की। वहीं, मुख्यातिथि रोशन लाल ने शैक्षणिक और खेल गतिविधियों में अव्वल रहे विद्यार्थियों को सम्मानित किया और लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।