रोहतांग दर्रा पर सोमवार को हो रही ताजा बर्फबारी का नजारा।-संवाद
मनाली (कुल्लू)। कुल्लू और लाहौल की ऊंची चोटियों पर हुई ताजा बर्फबारी ने सैलानी अपनी ओर खींचे हैं। सैलानियों की संख्या बढ़ने से पहाड़ों की ठंडी वादियां पर्यटन कारोबार में गर्माहट ला रही हैं। इससे पर्यटन कारोबारियोें के भी चेहरे खिल गए हैं। बर्फ से ढकी पहाड़ियों का नजारा देखने के लिए पर्यटक मनाली के साथ रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रे का रुख कर रहे हैं। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से टैक्सी, होटल, ढाबा और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े कारोबार को फायदा मिलेगा।
इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटक मनाली के आसपास घूमने के बजाय शिंकुला और रोहतांग दर्रे की ओर जा रहे हैं। मनाली से करीब 150 किलोमीटर दूर बारालाचा दर्रे पर भी बर्फ निहारने के लिए पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। यहां बर्फबारी के खूबसूरत नजारे देखने के बाद कई पर्यटक लेह की ओर भी रवाना हो रहे हैं। वहीं, लेह की तरफ से बारालाचा दर्रा पार कर पर्यटक और स्थानीय लोग मनाली पहुंच रहे हैं।
मनाली ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार शनिवार और रविवार को 400 से 500 वाहन मनाली पहुंचे। इसके अलावा लेह की ओर से बारालाचा दर्रे के रास्ते भी प्रतिदिन दर्जनों वाहन मनाली पहुंच रहे हैं। रोहतांग दर्रे में बर्फबारी के बाद पर्यटक बर्फ के बीच अठखेलियां करते नजर आ रहे हैं। मैदानी क्षेत्रों की गर्मी से राहत पाने के लिए सैलानी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। तापमान में गिरावट के बावजूद पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ है।
उधर, सोमवार को जिला मुख्यालय में तेज हवाएं चलीं। एसडीएम मनाली गुंजीत सिंह चीमा ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शिंकुला, बारालाचा और रोहतांग दर्रे की ओर जाने वाले पर्यटक जरूरी दवाइयां साथ रखें। यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी लें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।