तीन किलोमीटर तक होगी टारिंग, पेचवर्क भी होगा
मनाली से नग्गर तक खराब है सड़क की हालत
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। मनाली-कुल्लू वामतट मार्ग की हालत जल्द सुधरेगी। खस्ताहाल सड़क पर पैचवर्क किया जाएगा। साथ ही ज्यादा खराब जगहों पर टारिंग की जाएगी। लगभग तीन किलोमीटर सड़क पर टारिंग करने का बजट पहले ही मंजूर हो चुका है।
मनाली-कुल्लू वामतट मार्ग की हालत काफी खराब हो गई है। बाढ़ के दौरान मनाली को कुल्लू से जोड़े रखने में इस मार्ग की अहम भूमिका रही थी। बावजूद इसके इसकी हालत हालत खस्ता होने से लोग परेशान हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जगतसुख पुल के समीप बने अप्रोच सड़क की हालत भी खराब है। खखनाल और अरछंडी में भी सड़क की हालत सही नहीं है। अलेउ में पुराने ग्रीन टैक्स बैरियर में सड़क पर पानी भरने से तालाब बना हुआ है। मौसम खुलते ही सड़क की हालत को सुधारने का कार्य शुरू किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता आकाश सूद ने बताया कि वामतट मार्ग पर जल्द पैचवर्क किया जाएगा। कुछ जगह पर सड़क की हालत खराब है। ऐसी जगह पर टारिंग की जाएगी। लगभग तीन किमी के दायरे में टारिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि मौसम साफ होने पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।