कुल्लू। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कार्यकर्ताओं से हर मंडल में प्रतिमाह जनहित के मुद्दों पर प्रदर्शन करने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
शनिवार को मौहल में आयोजित जिला भाजपा की संगठनात्मक बैठक में उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर स्थानीय समस्याएं उठाएं। बैठक की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष अमित सूद ने की।
बिंदल ने टूटी सड़कों, शिक्षण संस्थानों की स्थिति, अस्पतालों में डॉक्टरों और दवाइयों की कमी तथा बिजली बिलों को प्रमुख मुद्दे बताते हुए नियमित प्रदर्शन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रत्येक मंडल को अगले तीन प्रदर्शनों की योजना पहले से तैयार करने और पार्टी के विभिन्न मोर्चों को सक्रिय करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर आईटी कार्यकर्ता की सक्रियता सुनिश्चित करने, व्हाट्सएप समूहों को नियमित रूप से संचालित करने और सोशल मीडिया के माध्यम से स्थानीय मुद्दे उठाने पर जोर दिया।
संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित करने के लिए पहले सप्ताह जिला, दूसरे सप्ताह मंडल, तीसरे सप्ताह ग्राम केंद्र और चौथे सप्ताह के अंतिम रविवार को बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने, 300 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाने और युवाओं को रोजगार देने जैसे चुनावी वादों को पूरा करने में अपेक्षित प्रगति नहीं कर पाई है।
बैठक में जिला प्रभारी बिहारी लाल शर्मा, सह-प्रभारी प्रियंता शर्मा, विधायक सुरेंद्र शौरी, लोकेंद्र कुमार, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी भीम सेन, प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर सहित जिला कुल्लू के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।