जिला कुल्लू के बाजारों में महिलाओं ने की खरीदारी
भाई को उपहार के लिए खरादी टोपी, मफलर और रूमाल
भाई दूज पर्व मनाने के लिए महिलाओं में भारी उत्साह
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। त्योहारी सीजन में दिवाली के बाद 23 अक्तूबर को भाई दूज पर्व मनाया जा रहा है। इसके लिए जिले की महिलाओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
भैया दूज की पूर्व संध्या पर कुल्लू के बाजारों में खूब रौनक देखने को मिली। महिलाओं ने भाइयों को उपहार देने के लिए बाजार में टोपी, रुमाल और मफलर की दुकानें सजी रहीं। मिष्ठान की दुकानों में भी सुबह से भीड़ रही। शहर के ढालपुर, सरवरी बाजार, लोअर ढालपुर, अखाड़ा बाजार, भुंतर, मणिकर्ण, मनाली, पतलीकूहल, बंजार, सैंज, आनी और निरमंड के बाजारों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने खरीदारी की।
दुकानदार रमेश ठाकुर ने बताया कि हर साल भाई दूज पर्व पर बाजारों में अच्छी खासी भीड़ रहती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने भाई को उपहार देने के लिए कुल्लवी टोपी के साथ मफलर और रुमाल खरीदे हैं। भाई-बहन के प्रेम और स्नेह के इस पर्व को यादगार बनाने के भाइयों ने भी अपनी बहनों के लिए चॉकलेट, ज्वेलरी सहित विभिन्न प्रकार के उपहार लिए। निर्मला ठाकुर, अनीता देवी, पिंकी, सरोज ठाकुर और दीपा ने कहा कि भाई दूज साल में एक बार आता है। ऐसे में उन्हें इस पर्व को बेसब्री से इंतजार रहता है।
कुल्लू शहर के पंडित गोपाल कृष्ण शास्त्री ने बताया कि भैया दूज के मौके पर भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1:14 बजे से 3:29 बजे तक रहेगा। भाई दूज के अवसर पर महिलाएं एचआरटीसी की बसों में भाई के घर जाने व आने में निशुल्क सफर कर सकेंगी।