बस अड्डे के विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए डीपीआर तैयार
जगह-जगह पड़े गड्ढों और पार्किंग की समस्या से मिलेगा छुटकारा
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लंबे समय से जर्जर अवस्था में पहुंच चुके केलांग बस अड्डे का कायाकल्प होने जा रहा है। बस अड्डे में जगह-जगह पड़े गड्ढों और पार्किंग की समस्या से जल्द छुटकारा मिलेगा।
एचआरटीसी प्रबंधन ने बस अड्डे के विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए 80 लाख रुपये की डीपीआर तैयार कर ली है। इसे विधायक अनुराधा राणा के माध्यम से जनजातीय विकास विभाग और एमडी एचआरटीसी को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। प्रस्तावित योजना के तहत 50 लाख रुपये की लागत से बस अड्डे का विस्तार और दो मंजिला पार्किंग का निर्माण होगा। 30 लाख रुपये से पूरे परिसर में नए पेवर बिछाए जाएंगे। वर्तमान में लगभग 20 वर्ष पहले बिछाए गए पेवर उखड़ चुके हैं जिससे वाहनों की आवाजाही में दिक्कत पेश आ रही हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि यह परियोजना जल्द धरातल पर उतरने से बस अड्डे की दशा सुधरेगी। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। एचआरटीसी केलांग डिपो के आरएम अंचित ने कहा कि विभाग ने बस अड्डे के सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभागों को भेज दी है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
आठ लाख रुपये से बनेगा शौचालय
बस अड्डे में करीब आठ लाख रुपये से शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए निगम ने बाकायदा टेंडर भी आमंत्रित किए हैं। दरअसल, बस अड्डे के भीतर बने शौचालय का पानी लीकेज होने के कारण पिछले कई सालों से यह शौचालय बंद पड़ा है। ऐसे में लोगों को सुविधा मिलेगी।