पतलीकूहल (कुल्लू)। क्षेत्र में सामने आए सनसनीखेज लिव-इन पार्टनर हत्या केस में पुलिस ने हिरासत में ली महिला को एक बार फिर शनिवार को मनाली स्थित कोर्ट में पेश किया। अदालत ने आरोपी महिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले कोर्ट ने आरोपी महिला को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था।
रिमांड के दौरान महिला ने कबूल किया कि उसने लिव-इन पार्टनर पर चाकू से हमला किया था। ऐसे में चार दिन की रिमांड अवधि पूरी होने पर पुलिस ने उसे फिर कोर्ट में पेश किया। उधर, पुलिस अभी मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पतलीकूहल क्षेत्र में रंजीत सिंह पुत्र दावा राम निवासी लोमच, डाकघर जाहलमा, तहसील उदयपुर जिला लाहौल-स्पीति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक कमरे में मिला था।
मृतक की पत्नी ने पति के लिव-इन पार्टनर रहने का खुलासा किया था। पुलिस ने अब इस मामले से पर्दा उठा दिया है। एसपी केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। संवाद