गोवंश के साथ गिरफ्तार आरोपी भी किए अदालत में पेश
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। वोल्वो बस स्टैंड के पास 10.790 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार युवक को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। सोलंगनाला में गोवंश के साथ पकड़े गए दोनों आरोपी भी न्यायिक हिरासत में रहेंगे।
थाना मनाली की टीम ने बुधवार को तरसेम (40) निवासी चौक पुराना बाजार, तहसील और जिला मोगा पंजाब को चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया था। वह तीन दिन की पुलिस रिमांड में चल रहा था। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया। यहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। उधर, सोलंगनाला में सोनू इरफान निवासी गांव नाकुड, सहारनपुर उत्तर प्रदेश, मोहम्मद आसिफ निवासी मोहल्ला नदीम कलोनी थाना मंडी सहारनपुर उत्तर प्रदेश (चालक) को गोवंश लेकर जाने के आरोप में दबोचा था। वे अटल टनल की तरफ से मनाली की ओर आ रहे थे। ट्रक सड़क के किनारे पत्थर में फंसने के बाद दोनों भागने लगे तो ग्रामीणों ने दबोच लिया। ट्रक में पांच बैल और तीन गाय भरी गई थीं। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि आरोपियों को अदालत ने पुलिस रिमांड पर भेजा था और दोनों मामलों के तीनों लोगों को न्यायिक हिरासत में रखने के आदेश हुए हैं।