कुल्लू के ढालपुर मैदान में अस्थाई मार्केट से दुकानदारो को हटाते पुलिस कर्मी।-संवाद
कुल्लू। ढालपुर मैदान में लगे अस्थायी बाजार की दुकानों को हटाने के लिए प्रशासन और नगर परिषद की टीम बुधवार को फिर मैदान में उतरी और दुकानों को हटाने के साथ ही कई दुकानदारों का सामान भी जब्त कर लिया। दो दिन तक चली इस कार्रवाई के बीच हालांकि 70 फीसदी के करीब कारोबारियों ने अपनी दुकानें खाली कर दी हैं लेकिन 30 फीसदी दुकानदार अभी भी मैदान में डटे हुए हैं। इन्हें हटाने के लिए प्रशासन का अभियान जारी है।
बुधवार को सुबह करीब 10:30 बजे से दुकानों को हटाने का कार्य शुरू किया गया जो दोपहर बाद तक जारी रहा। इस अभियान में प्रशासन, राजस्व और नगर परिषद कुल्लू के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। इस दौरान कई दुकानदार स्वयं भी अपनी दुकानों को खाली करने का काम कर रहे हैं। कई कारोबारी बिना दुकान के खुले में दुकानें लगाने का काम कर रहे हैं। जब प्रशासन की टीम आती है तो उस समय अपना सामान समेट लेते हैं और जब प्रशासन की टीम मैदान से चली जाती है तो अपना सामान दोबारा बेचने का काम शुरू कर देते हैं।
21 से 27 अक्तूबर तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के लिए ऐतिहासिक मैदान ढालपुर में अस्थायी बाजार सजाया गया था, जिसमें करीब 2500 दुकानें लगाई गई थीं। दुकानदारों को 22 नवंबर तक का समय दिया गया था। अब समय पूरा होने के बाद भी दुकानदारों ने जब मैदान खाली नहीं किया तो प्रशासन ने स्वयं ही मैदान में उतरकर उन्हें हटाने का काम शुरू किया है।
डोम खाली, ढांचा हटाने का काम जोरों पर
ढालपुर मैदान में दशहरा उत्सव के लिए चार डोम स्थापित किए गए थे। इनमें पांच सौ से अधिक दुकानें लगाई गई थीं। चारों डोम खाली हो गए हैं। इनके ढांचे को हटाने का कार्य भी जोरों पर शुरू कर दिया गया है।
मैदान में कचरा ही कचरा
गौरतलब है कि जैसे-जैसे दुकानें खाली हो रही हैं, कचरा मैदान में फैल रहा है। खासकर प्लास्टिक का कचरा काफी मात्रा में मैदान में फैला हुआ है। प्रशासन और नगर परिषद का ध्यान अभी मैदान से दुकानों को हटाने पर है। जबकि मैदान के कचरे के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।