मनाली के सोलंगनाला में खाली करवाई दुकाने।-संवाद
मनाली। राष्ट्रपति के मनाली प्रवास के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मनाली से अटल टनल तक सड़क के किनारे लगने वाली अस्थायी दुकानों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। सोलंगनाला और हिडिंबा मंदिर मार्ग पर लगी सभी अस्थायी दुकानें खाली करवा दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सात अक्तूबर को हिडिंबा मंदिर में दर्शन करेंगी।
सुरक्षा के मद्देनजर सात अक्तूबर को क्षेत्र में जिप लाइन सहित अन्य पर्यटन गतिविधियों पर भी रोक रहेगी। राष्ट्रपति के सर्किट हाउस से हिडिंबा मंदिर जाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्थायी दुकानों को भी बंद करवाया जा सकता है। उपायुक्त डाॅ. अमित कुमार ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मनाली से अटल टनल तक संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल बढ़ाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रही हैं। संवाद