जाहलमा नाला में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुआ अस्थाई मार्ग। जागरूक पाठक
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी में मंगलवार शाम करीब पांच बजे जाहलमा नाले में अचानक बाढ़ आने से बीआरओ की ओर से बनाई गई अस्थायी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई।
नाले पर आवाजाही के लिए लगाए गए अस्थायी कल्वर्ट भी बाढ़ की चपेट में आ गए है। जाहलमा नाले से बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। बीआरओ ने 25 मई को जाहलमा पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद यहां अस्थायी सड़क बनाई थी। इसके बाद 31 जुलाई को 120 फीट लंबा बेली ब्रिज तैयार कर छोटे वाहनों की आवाजाही बहाल की।
अभी तक इस पुल से बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हुई है। बड़े वाहन अस्थायी सड़क से ही नाले को पार कर रहे थे। सीमा सड़क संगठन 94 आरसी के ओसी मेजर पारस ने बताया कि मौसम ठीक होते ही अस्थायी सड़क पर दोबारा कल्वर्ट डाले जाएंगे। उधर, जाहलमा नाले में बाढ़ आने के बाद दारा के समीप चंद्रभागा नदी का बहाव प्रभावित हो गया है। नदी का पानी जोबरंग गांव के नीचे जमा होने से यहां झील जैसी स्थिति बन गई है। पानी बढ़ने से जोबरंग पुल भी डूब गया है। संवाद