ताजा बर्फबारी से लाहौल से लेह, पदम और काजा की तरफ आवाजाही ठप
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल में सीजन की पहली बर्फबारी से लाहौल घाटी में परेशानियां बढ़ गई हैं।
लेह-लद्दाख की तरफ आने-जाने वाले वाहन चालकों और पर्यटकों को समस्या न आए, इसके लिए पुलिस ने सरचू में स्थापित अस्थायी पुलिस चौकी को जिस्पा में शिफ्ट कर दिया है। बर्फबारी की रफ्तार तेज होती देख पुलिस जवान सरचू से दारचा आ गए हैं। सरचू में पुलिस चौकी के हटने से लेह-लद्दाख की ओर सफर करने वालों के लिए अब जोखिम बढ़ गया है। सरचू में बीआरओ का अस्थायी ट्रांजिट कैंप अभी भी बंद नहीं हुआ है।
गौर रहे कि बीते रविवार को लाहौल घाटी में हिमपात का क्रम शुरू हुआ था। सोमवार सुबह से हिमपात जारी रहा। लाहौल से लेह, पदम और काजा की तरफ वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।
अटल टनल रोहतांग होकर मनाली-केलांग के बीच वाहनों की आवाजाही जारी रही। मनाली-केलांग के बीच वाहनों की आवाजाही जारी रहने से कई लोग अटल टनल से आर-पार हुए। एचआरटीसी की बस सेवाएं अटल टनल से मनाली-केलांग के बीच बंद हो गई हैं। पुलिस ने अगले 24 घंटों तक बर्फबारी होने की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधानी से सफर करने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने कहा कि बर्फबारी से मनाली-लेह मार्ग में वाहनों की आवाजाही रुक गई है। उन्होंने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं।