उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने उदयपुर उपमंडल के दुर्गम क्षेत्र मयाड़ का दौरा किया। उन्होंने कहा कि मयाड़ घाटी की सभी संपर्क सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया गया है। वहीं घाटी में बंद पड़ी दूरसंचार सेवाओं को एक-दो दिन में सुचारु किया जाएगा। इस दौरान विधायक ने चिमरेट पंचायत के करपट गांव में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया और गांव वासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। वहीं, विधायक द्वारा भेजी गई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों का स्वास्थ्य जांचा और जरूरतमंदों को दवाइयां भी वितरित कीं। उन्होंने करपट गांव में बिजली बोर्ड को जल्द बिजली बहाल करने के निर्देश दिए। मयाड़ घाटी के गांव शुक्टो, उड़गोस, छालिंग व चांगुट जाकर वहां के किसानों से मुलाकात की। इस बीच उपमंडलाधिकारी नागरिक उदयपुर अलीशा चौहान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पवन राणा व जिला कृषि अधिकारी मुंशी राम मौजूद रहे।