मनाली। पर्यटन नगरी मनाली की हिम आंचल टैक्सी यूनियन अब नंबर आधार पर टैक्सियां चलाएगी। यूनियन में पंजीकृत वाहन मालिकों के नंबर निर्धारित किए जाएंगे। उसके बाद बुकिंग आने पर नंबर के आधार पर टैक्सी भेजी जाएगी। सोमवार को पहली बार नग्गर, जाणा वाटर फॉल, मणिकर्ण, भुंतर एयरपोर्ट ड्रॉपिंग और कुल्लू के लिए नंबर आधार पर टैक्सी चलेगी। अटल टनल रोहतांग, सोलंगनाला, सिस्सू, लोकल साइट सीन फिलहाल यथावत चलते रहेंगे।
हिम आंचल टैक्सी यूनियन ने किराया भी निर्धारित किया है। मनाली से मणिकर्ण के लिए पांच सीटर टैक्सी 4000 और सात सीटर टैक्सी 5500 रुपये में जाएगी। बिजली महादेव का किराया भी 4000 और 5500 रुपये रहेगा। बंजार (जीभी) का 4500 और 6000, पराशर झील का 5000 और 6000, कुल्लू नग्गर का 3000 और 4000, नग्गर, जाणा का 3000 और 4000, भुंतर एयरपोर्ट ड्रॉपिंग का 2500 और 3500 रुपये किराया रहेगा।
मंडी का 4500 और 6000, रिवालसर का 5500 और 7000 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। सभी टैक्सी नंबर आधार पर चलेगी। जो टैक्सी दिल्ली या चंडीगढ़ से बुकिंग लेकर आएगा, वह भी यूनियन से पर्ची काटने के बाद ही पर्यटकों को घुमा सकेगा। इसके लिए उसे बाकायदा पर्यटकों के आधार कार्ड और टोल टैक्स की पर्ची दिखानी होगी। अगर चेकिंग के दौरान खामी पाई गई तो उसे जुर्माना लगाया जाएगा।
यूनियन के प्रधान राजकुमार राजा और महासचिव अमित चंकी ने बताया कि नंबर आधार पर डिमांड शुरू हो गई है। ट्रेवल एजेंट, होटलियर या टैक्सी बुकिंग का कार्य करने वाले यूनियन के कार्यालय में बुकिंग कर सकते है। उन्होंने कहा कि अटल टनल, सोलंगनाला, लोकल साइट सीन, रोहतांग, सिस्सू, सजला वाटर फॉल फिलहाल खुले रखे गए हैं। इन रूटों पर भी जल्द ही नंबर आधार पर टैक्सी चलाने का प्रयास किया जाएगा। यूनियन में पंजीकृत क्रमांक के आधार पर टैक्सी का कार्य मिलेगा। पांच सीटर और सात सीटर टैक्सी की अलग-अलग डिमांड होगी। दोनों के अलग अलग क्रमांक बनाकर डिमांड करवाई जाएगी।
000