उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। व्यावसायिक वाहनों पर लगातार बढ़ाए जा रहे परिवहन नियमों और अतिरिक्त शुल्क को लेकर टैक्सी ऑपरेटरों में नाराजगी बढ़ने लगी है। टैक्सी ऑपरेटर विकास जस्पा ने कहा कि हर बार नए नियमों और अतिरिक्त खर्च का बोझ पीली नंबर प्लेट वाले व्यावसायिक वाहन संचालकों पर ही डाला जा रहा है। उन्होंने अपने हितों की रक्षा के लिए प्रदेशभर के टैक्सी, ट्रक और बस ऑपरेटरों से एकजुट होने की अपील की है।
विकास जस्पा ने कहा कि पहले हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, फिर मीटर और अब स्पीड लिमिट डिवाइस लगाने का अतिरिक्त खर्च ऑपरेटरों पर थोप दिया गया है। डिवाइस नहीं लगाने पर वाहनों का पास नहीं बनेगा। उन्होंने सवाल उठाया कि स्पीड लिमिट का नियम केवल व्यावसायिक वाहनों पर ही क्यों लागू किया जा रहा है, जबकि निजी वाहन भी सड़कों पर चलते हैं। उन्होंने कहा कि टैक्सी ऑपरेटर पहले ही टैक्स, बीमा और बैंक की किस्तों का भारी बोझ उठा रहे हैं। ऐसे में नए नियमों के साथ अतिरिक्त शुल्क उनकी आजीविका को प्रभावित कर रहा है। इस मुद्दे पर मनाली यूनियन के अध्यक्ष से भी चर्चा की गई है। उन्होंने प्रदेशभर के टैक्सी ऑपरेटरों से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।