पीडब्ल्यूडी कर रहा है मेजर डिस्ट्रिक्ट सड़क की टारिंग, लोग बोले-घंटों में नहीं मिल रहीं बसें
पीपल जातर मेले के चलते शहर में जुट रही लोगों की भीड़, जाम बढ़ा रहा परेशानी
मेले के आयोजन के बीच टारिंग का काम शुरू करने को गलत बता रहे जिले के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले की एमडीआर (मेजर डिस्ट्रिक्ट सड़क) की लोक निर्माण विभाग टारिंग कर रहा है। यह टारिंग यात्रियों के लिए आफत बन रही है। जिला मुख्यालय में अंतरराज्यीय पीपल जातर मेला मनाया जा रहा है।
ऐसे में रोजाना हजारों की संख्या में वाहन शहर में पहुंच रहे हैं। विभाग की टारिंग का कार्य जाम का कारण बन रहा है। टारिंग यात्रियों के लिए आफत बनी हुई है। घंटों तक यात्री जाम में फंस रहे हैं।
गत बुधवार को विभाग ने भुट्ठी चौक से शीतला माता मंदिर के बीच टारिंग की। इस कारण पूरा दिन यात्रियों और राहगीरों को परेशान होना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी शाम के समय हुई, जब लाेगों को अपने गंतव्य की ओर लौटना था। घंटों तक बसें न आने से यात्री बस स्टॉप पर परेशान रहे। शाम 06:00 से 08:00 बजे तक एमडीआर के साथ संपर्क सड़कें भी वाहनों के लिए पूरी तरह जाम रहीं। एमडीआर के साथ अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी), सर्कुलर रोड, भूतनाथ सड़कें भी पूरी तरह से वाहनों के जाम के कारण बंद रहीं। यात्री सोमदेव, आकाश, मोहित, संजय, विशाल, मोनिका, आकृति, शानवी, मानवी ने कहा कि जिला मुख्यालय में मेला मनाया जा रहा है, जिसमें हजारों लोग आ रहे हैं। इस भीड़भाड़ के बीच लोक निर्माण विभाग टारिंग कर रहा है, जिससे परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि गत बुधवार की शाम को बसें न मिलने से परेशानी हुई है। यात्रियों को घंटों बस स्टॉप खड़ा रहना पड़ा। अंधेरे के कारण महिलाओं और युवतियों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ी।