कुल्लू। नशीले पदार्थों के उपयोग की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय एनकॉर्ड कमेटी की सोमवार को बैठक हुई। उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अवैध धंधे में संलिप्त लोगों पर अंकुश लगाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज विभिन्न मामलों की समीक्षा कर अब तक जब्त किए गए मादक पदार्थ का ब्योरा उपलब्ध करवाएं। उन्होंने पुलिस विभाग को जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों के साथ जांच के तहत और कोर्ट में विचाराधीन मामलों की रिपोर्ट जल्द उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए।
पुलिस को जिले में ऐसे स्थान चिह्नित करने को कहा, जहां नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की संभावना है। उन्होंने कहा कि एनकॉर्ड कमेटी का मुख्य उद्देश्य नशाखोरी पर लगाम लगाना है।
नशाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ लोगों खासकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना आवश्यक है। इसके लिए स्कूल, महाविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान, एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला, सहायक आयुक्त आबकारी जीवन लाल वत्सी, जिला कल्याण अधिकारी जीएल शर्मा, सहायक अरण्यपाल पार्वती मंडल वंदना भी मौजूद रहीं।