कुल्लू। जिले के सभी उपमंडल अधिकारी तथा खंड विकास अधिकारी स्वच्छता ग्रीन लीफ रेटिंग के मानकों पर कार्य आरंभ करें। इसके पहले चरण में संबंधित सरकारी इकाइयों एवं संस्थाओं को रेटिंग के लिए मानकों पर सही उतारने का प्रयास करें।
उपमंडल अधिकारी इससे संबंधित उपमंडल स्तरीय कमेटी की बैठक करें ताकि हितधारकों विशेषकर जिन विभागों के विश्राम गृह आदि जिले में संचालित होते हैं, उन्हें इसमें जोड़ने का प्रयास किया जाए। इसके दूसरे चरण में सभी निजी होटल तथा प्रतिष्ठानों को इस मुहिम से जोड़ा जाना है। यह बात स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता ग्रीन लीफ रेटिंग से संबंधित जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्विनी कुमार ने शुक्रवार को कही।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता ग्रीन लीफ रेटिंग का उद्देश्य पर्यटन इकाइयों के संयुक्त प्रयासों के माध्यम से पर्यटन स्थलों की सुंदरता और स्वच्छता में सुधार कर उनकी प्रतिष्ठा को सुधारना, आतिथ्य क्षेत्र में विश्व स्तरीय स्वच्छता को बढ़ावा देना, जल निकायों में प्रदूषण को रोकना और पर्यावरण को स्वच्छ रखना है।
उपरोक्त मानकों पर आतिथ्य क्षेत्र की इकाइयों को एक से पांच तक रेटिंग दी जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को जुलाई के अंत तक मानकों पर सही उतरने के लिए तैयार रहने का प्रयास करने के निर्देश दिए। इस दौरान परियोजना निदेशक डीआरडीए डॉ. जयवंती, जिला पर्यटन अधिकारी सुनयना, जिला भाषा अधिकारी सुनीला ठाकुर सहित विभिन्न अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे। संवाद