लाहौल-स्पीति के लिंडूर गांव का दौरा करते रवि ठाकुर।-संवाद
केलांग/उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने शनिवार को लिंडूर और जसरथ गांव का दौरा किया। जुलाई में जाहलमा नाले में लगातार बाढ़ आने से लिंडूर और जसरथ गांव के लोग काफी परेशान है। नाले की वजह से लिंडूर गांव की भूमि में दरारें आ गई हैं। इससे गांववासी सहमे हुए हैं।
विधायक रवि ठाकुर ने लिंडूर गांव पहुंचकर भूस्खलन वाले क्षेत्र का जायजा लिया। विधायक के साथ प्रशासनिक अमला भी साथ रहा। विधायक रवि ठाकुर ने ग्रामीणों से कहा कि लिंडूर गांव में धंस रही जमीन का पता चलने पर उन्होंने उपायुक्त लाहौल-स्पीति को गांव का जायजा लेने के आदेश दिए थे।
प्रशासनिक अधिकारियों की टीम को गांव पर नजर रखने और जल्द से जल्द इसका समाधान करने को कहा गया है। जल्द ही गांव की समस्या का समाधान किया जाएगा। मामले को सरकार के समक्ष भी उठाया जाएगा। जिन क्षेत्रों में डंगे लगने हैं उसका कार्य तुरंत शुरू करने के लिए प्रशासन को कहा गया है।
उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने के भी निर्देश दिए। जसरथ गांव में विधायक ने कहा कि वह उनकी हर समस्याओं से अवगत हैं। जसरथ गांव के 10 से 11 परिवारों की 25 बीघा से अधिक जमीन सहित बगीचा चिनाब नदी में समा गए हैं। ग्रामीणों ने विधायक से आग्रह किया है कि उनके लिए नौतोड़ की व्यवस्था की जाए। संवाद