नमन ठाकुर। नाहन मेडिकल कॉलेज में करेंगे डाक्टर की पढ़ाई।संवाद
रघुपुर घाटी में खुशी, माता-पिता को भी बेटे पर नाज
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। ...जिनके हौसले बुलंद होते हैं, उनकी जीत निश्चित होती है। कठिनाइयां भी हार जाती हैं, मेहनत जिनकी मजबूत होती है। यह लाइनें नमन ठाकुर पर स्टीक बैठती हैं।
उन्होंने कड़ी मेहनत कर नीट पास किया है। अब सिरमौर जिले के नाहन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई करेंगे। सरकारी स्कूल में पढ़ाई कर नमन ने पहले ही प्रयास में नीट पास किया है।
कुल्लू के रघुपुर क्षेत्र की मुहान पंचायत के चजुट गांव के किसान परिवार से संबंध रखने वाले नमन ने जमा दो की पढ़ाई राजकीय मॉडल स्कूल सीनियर सेकेंडरी स्कूल आनी में की। पिता पुणे राम और माता निर्मला देवी ने कहा कि नमन पहले से ही पढ़ाई में अव्वल रहे हैं। नीट की तैयारी की और पहले ही प्रयास में परीक्षा अच्छे अंकों के साथ पास की। अब उनका चयन डॉ. वाईएस परमार गवर्नमेंट पीजी कॉलेज नाहन के लिए हुआ है। यहां एमबीबीएस की पढ़ाई करेंगे। नमन उन गरीब बच्चों के लिए प्रेरणा बन गए हैं, जो कम संसाधन होने पर आगे नहीं बढ़ पाते हैं। नमन ने कहा कि सपना था कि वह डाॅक्टर बनकर लोगों की सेवा कर सकें। उधर, नाहन कॉलेज में नमन का चयन होने से नाना केवल राम और नानी कुब्जा देवी सहित चजुट और गांव बनाला के लोगों में खुशी की लहर है।