प्राचार्य बोलीं- ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। डिग्री कॉलेज कुकुमसेरी में शुक्रवार को कानूनी अधिकारों और नालसा योजनाओं के बारे में जागरूकता कार्यक्रम करवाया गया।
कार्यक्रम राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति की सचिव आभा चौहान रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों और सेवाओं के बारे में जानकारी दी।
वर्चुअल माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के कानूनी ढांचे, उनके अधिकारों और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चलाई जा रहीं विभिन्न योजनाओं से अवगत करवाया था। चौहान ने छात्र-छात्राओं को कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, मुफ्त कानूनी सलाह और उपलब्ध सेवाओं के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को कानूनी मामलों में आत्मविश्वास से आगे आने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनिता कुमारी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि कानूनी जागरूकता न केवल व्यक्तिगत जीवन, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक बनने में भी मदद करती है।
महाविद्यालय के डॉ. रत्नेश त्रिपाठी, प्रो. मनोज कुमार, प्रो. सुरिंदर कुमार, प्रो. सतपाल, प्रो. माया देवी, प्रो. सालिक राम, प्रो. गणेश भी मौजूद रहे।