महाविद्यालय में पांच दिवसीय कार्यशाला हुई शुरू, दिया जाएगा बुनियादी कौशल
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिपुर (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय हरिपुर (मनाली) में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के तत्वावधान में सोमवार को पांच दिवसीय बढ़ईगीरी कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। 30 घंटे की इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ईगीरी से जुड़े बुनियादी कौशल का प्रशिक्षण देना है।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शेफाली सहित आईक्यूएसी सदस्य डॉ. महि, डॉ. साक्षी, प्रो. कश्मीर सिंह और प्रो. मोनिका उपस्थित रहे। कार्यशाला आयोजन समिति की ओर से संयोजक प्रो. राम कुमार और प्रो. विरोचन ठाकुर ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को प्रशिक्षक प्रकाश चंद की ओर से बढ़ईगीरी का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले दिन विद्यार्थियों को बढ़ईगीरी में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न बुनियादी औजारों की जानकारी दी गई। साथ ही उनके उपयोग और कार्यप्रणाली से परिचित करवाया गया। पांच दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को बढ़ईगीरी के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया जाएगा। इससे विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। संवाद