केलांग (लाहौल-स्पीति)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय त्रिलोकनाथ में शनिवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग उदयपुर की ओर से जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को चिट्टा सहित अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हिंसा की चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरुषि शर्मा ने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर जिज्ञासा, गलत संगति और साथियों के दबाव में होती है। धीरे-धीरे यह लत शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ शिक्षा, परिवार और भविष्य को भी प्रभावित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। साथ ही उन्हें नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
पुलिस थाना उदयपुर के मुख्य आरक्षी मेघ सिंह और आरक्षी शिव ने चिट्टा सहित अन्य नशीले पदार्थों के खतरों के बारे में बताया। इसके अलावा साइबर ठगी के प्रति सतर्क करते हुए अनजान कॉल, फर्जी लिंक और संदेशों से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी के साथ ओटीपी और बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें। प्रधानाचार्य अवनिरेंद्र सिंह राधेश ने कहा कि नशा पूरे समाज की समस्या है। इसके खिलाफ विद्यालय, अभिभावकों और प्रशासन को मिलकर प्रयास करने होंगे। संवाद