भुंतर (कुल्लू)। आग लगने की आपात स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेना जरूरी है। इसी उद्देश्य से वीरवार को पीएमश्री उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भुंतर में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य तिलक राज की देखरेख में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को आग से बचाव के तरीके बताए गए। दमकल विभाग से अजय शर्मा के नेतृत्व में टीम स्कूल पहुंची। आपदा मित्र मास्टर ट्रेनर आशीष ने विद्यार्थियों को जागरूक किया। विशेषज्ञों ने आग के विभिन्न प्रकारों, उसके फैलने के कारणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही अग्निशमन यंत्रों के सही इस्तेमाल के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम के दौरान मॉकड्रिल भी करवाई गई। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अग्निशमन यंत्र चलाने का अभ्यास किया। प्रदर्शन के लिए लगाई गई आग को बुझाकर उन्होंने व्यावहारिक प्रशिक्षण भी लिया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भवानी भंडारी सहित शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समन्वय आपदा प्रबंधन प्रभारी अनामिका वर्मा ने किया।