कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू के कॅरिअर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित दो दिवसीय कॅरिअर प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कौशल और रणनीतियां विषय पर आयोजित कार्यशाला का समापन हुआ। कार्यशाला में विभिन्न संकायों के करीब 110 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और राज्य स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं, पात्रता, पाठ्यक्रम, तैयारी की रणनीतियों, समसामयिक घटनाओं और व्यक्तित्व विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
विद्यार्थियों के व्यावहारिक कौशल को निखारने के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, मॉक इंटरव्यू और समूह चर्चा जैसी गतिविधियां करवाई गईं। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने इस पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला संयोजक सहायक आचार्य अजय कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को करियर संबंधी सही निर्णय लेने और प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी में मदद करते हैं। इस अवसर पर सहायक आचार्य सुरेंद्र कुमार, डॉ. हिरामणि, डॉ. प्रियंका ठाकुर, सहायक आचार्य डिंपल जमटा और सहायक आचार्य सपना ठाकुर भी उपस्थित रहे। संवाद