हरिपुर में फाइन आर्टस कार्यशाला में भाग लेते प्रतिभागी।-संवाद
कुल्लू। विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच को कलात्मक अभिव्यक्ति देने और चित्रकला की बारीकियों से परिचित करवाने के उद्देश्य से महाविद्यालय हरिपुर में पांच दिवसीय फाइन आर्ट कार्यशाला शुरू हुई है। महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) एवं हिंदी विभाग की ओर से भारतीय स्टेट बैंक हरिपुर के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में कुल 25 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
विशेषज्ञ डॉ. संजू पॉल विद्यार्थियों को चित्रकला की विभिन्न तकनीकों, रंगों के सही संयोजन और उनके रचनात्मक इस्तेमाल का प्रशिक्षण दे रहे हैं। विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशक्ति के आधार पर चित्र बनाने और नए प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शेफाली ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को पहचान कर उसे उचित मंच प्रदान करना भी है।
इस तरह की कार्यशालाएं विद्यार्थियों में रचनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित करने में सहायक होती हैं। वहीं, कार्यशाला संयोजक डॉ. कंचन ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थियों को कला की व्यावहारिक जानकारी देने के साथ अपनी कल्पनाओं को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा रहा है। इससे उनमें नई चीजें सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने की रुचि बढ़ेगी। संवाद