बंजार के झनियार गांव में अग्नि प्रभावितो की सहायता के लिए पहुंचे एबीवीपी के कार्यकर्ता।-संगठन
गुशैणी (कुल्लू)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की बंजार इकाई ने आग की घटना से प्रभावित गांव झनियार पहुंचकर राहत प्रदान की।
बंजार इकाई की टीम ने सुनील उपाध्याय ट्रस्ट हिमाचल प्रदेश के सहयोग से प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाई। राहत सामग्री में कंबल, चादरें, बाल्टियां, प्रेशर कुकर और अन्य जरूरत का घरेलू सामान शामिल रहा। इसके अतिरिक्त प्रति प्रभावित परिवार पांच हजार रुपये की नगद सहायता राशि भी प्रदान की गई। जिला संयोजक अभिनव कश्यप ने कहा कि संकट की घड़ी में एबीवीपी प्रभावितों के साथ है। संगठन हर परिस्थिति में सेवा और मानवता के कार्यों के लिए समर्पित है। विद्यार्थी परिषद ने प्रदेशवासियों से भी अपील की है कि वे आगे आकर इन प्रभावित परिवारों की सहायता करें। संवाद