जिला मुख्यालय के केंद्रीय प्राथमिक स्कूल में हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ की ओर से मेधावी बच्चों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मान समारोह में मेधावी छात्रों को पुरस्कारों से नवाजा गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रांत अध्यक्ष पवन कुमार मिश्रा रहे।
उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रहित में शिक्षा, शिक्षा के हित में शिक्षक और शिक्षक के हित में समाज, इस ध्येय को लेकर शिक्षक महासंघ कार्य कर रहा है। देश की भावी पीढ़ी में भारतीय संस्कारों और शास्वत जीवन मूल्यों का संचार हो, जिसकी आज जरूरत है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भुट्टी से कुमारी शबनम, भल्याणी से पारुल ठाकुर, नथान से सपना ठाकुर, सुल्तानपुर से जवना, ढालपुर से विक्रम, खराहल से ईशुपाल, शालंग से पूजा को दसवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
फुटबाल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ढालपुर के अभिमन्यु को राष्ट्रीय स्तर पर तथा दीपक और अजय को राज्य स्तर पर अच्छे प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा विभिन्न प्राथमिक, उच्च एवं वरिष्ठ स्कूलों के खिलाड़ी जिन्होंने विविध खेलों में राज्य स्तर पर अच्छा प्रदर्शन किया है, उन्हें भी सम्मानित किया गया। इस दौरान उच्च शिक्षा उपनिदेशक राम लाल ठाकुर, हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के महासचिव कैलाश ठाकुर आदि मौजूद रहे।