जाहलमा में आयोजित पीटीएफ की बैठक में उठी मांग
स्कूलों में मल्टी टास्क वर्कर भर्ती करने का मुद्दा भी उठा
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जिला प्राथमिक शिक्षक संघ (पीटीएफ) की बैठक जाहलमा में जिला प्रधान अरुण कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले के चारों ब्लॉकों के अध्यापक और अध्यापिकाओं ने भाग लिया।
संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इसमें मुख्य रूप से केंद्रीय अध्यापक प्रमुख (सीएचटी) और मुख्याध्यापक पदोन्नति का मुद्दा शामिल रहा। अरुण कुमार ने कहा कि जिले में सीएचटी और एचटी की पदोन्नतियां लंबे समय से रुकी हैं। अन्य जिलों में यह प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। विभाग से मांग की है कि जिले में भी शीघ्र पदोन्नति प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही सर्दियों में विद्यालयों की छतों से बर्फ हटाने का प्रबंध समय रहते किया जाए।
विद्यालयों में सुचारू काम चलाने के लिए मल्टी टॉस्क वर्कर भर्ती की जरूरत है। इसे भी समय रहते किया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों के अधिकांश कार्य अब ऑनलाइन माध्यम से किए जा रहे हैं, इसलिए मोबाइल भत्ता देने का प्रावधान किया जाना चाहिए। जिले की भौगोलिक और जलवायु परिस्थितियों को देखते हुए विंटर एवं ट्राइबल अलाउंस भत्ता दिया जाए। उन्होंने मांग की है कि विद्यालय स्तर पर छात्रों के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए अंडर-12 खेल प्रतियोगिताओं को फिर से शुरू किया जाए। बैठक में सर्वसम्मति से उपरोक्त सभी मुद्दों को औपचारिक रूप से विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया ताकि विभाग इस पर अमलीजामा पहना सके।