आग प्रभावित परिवारों की जिंदगी में नई रोशनी लेकर आएगा आठ लाख का पैकेज
तंबुओं में रातें काट रहे प्रभावित परिवार, सर्दियों के तीन महीने ऐसे ही निकालेंगे परिवार
सर्दियां बीतने के बाद बनाएंगे आशियाने, 11 नवंबर को आग से जल गए थे 10 घर
गौरीशंकर
कुल्लू। झनियार गांव की राख में अब उम्मीद के अंकुर फूटने लगे हैं। आग की भयावह घटना में 16 घर खाक होने से बेघर हुए ग्रामीणों की जिंदगी में सरकार के 8 लाख रुपये के विशेष राहत पैकेज ने नई रोशनी जगा दी है।
फिलहाल ठंड में तंबुओं में रातें काट रहे ग्रामीण मार्च के बाद अपने नए घरों का निर्माण शुरू कर पाएंगे। सरकार ने तांदी गांव की तर्ज पर झनियार के प्रभावितों के लिए भी विशेष राहत पैकेज की घोषणा की है। अभी ग्रामीणों ने अस्थायी शेड और तंबू लगाए हैं। इनमें वे सर्दियों के तीन महीने गुजारेंगे, उसके बाद ही घर बनाने का कार्य शुरू होगा। सरकार ने हाल ही में प्रभावित परिवारों को प्रति परिवार 8 लाख रुपये का विशेष पैकेज देने का एलान किया है। इसमें 7 लाख घर और 1 लाख रुपये सामान नष्ट होने के बदले में दिए जाएंगे। प्रभावितों की मानें तो आठ लाख रुपये से उन्हें आशियाना बनाने में काफी मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि 11 नवंबर को झनियार गांव में आग लग गई थी। इसमें 16 घर जल गए थे। इससे पहले जनवरी, 2025 में तांदी गांव में आग की घटना हुई थी। प्रभावितों को सरकार ने विशेष पैकेज दिया था। अब झनियार के प्रभावितों के लिए भी विशेष पैकेज की घोषणा की है।
दूसरों की गोशाला में रखे मवेशी, पानी की भी कमी
प्रभावित लोगों ने गांव में अस्थायी तंबू लगाए हैं। इनमें वे परिवार के साथ रह रहे हैं। प्रभावित 16 परिवारों के 80 सदस्यों में 37 महिलाएं और 26 पुरुषों के अलावा 6 बुजुर्ग और 13 बच्चे शामिल हैं। मवेशियों को भी दूसरे लोगों की गोशाला में रखा गया है। उन्हें मवेशियों के लिए चारे की समस्या हो रही है। प्रभावित पशुओं के चारे के साथ पानी के लिए भी जूझ रहे हैं।
सरकार, संस्थाओं के सहयोग से बनेंगे घर
प्रभावित बीना देवी, टारना देवी, इंद्रा देवी, डोलमा देवी, पार्वती देवी, देवकू देवी, दीनानाथ, घेली राम, रेलू राम, डाबे राम, ताबे राम, घनश्याम, दलीप सिंह, प्रताप सिंह, रोशल लाल, दलीप सिंह ने कहा कि सरकारी मदद से काफी राहत मिलेगी। सरकार और गैर सरकारी संस्थाओं के सहयोग से आशियाना बसाना आसान हो जाएगा।
सरकार ने विशेष पैकेज की घोषणा की है। झनियार गांव में 16 परिवार प्रभावित हुए हैं। इन्हें सरकार की घोषणा के बाद निश्चित रूप से सहायता मिलेगी। - पंकज शर्मा, उपमंडल अधिकारी बंजार