48 पंचायतों में विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करेंगे ग्रामीण : किरण भड़ाना
.....
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने के लिए जिले की सभी 48 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का कार्यक्रम जारी किया है। इन बैठकों में ग्रामीणों की भागीदारी के साथ पंचायतों की विकास संबंधी प्राथमिकताएं तय की जाएंगी, ताकि स्थानीय जरूरतों के अनुरूप योजनाएं तैयार की जा सकें। उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि विकास खंड लाहौल और स्पीति की सभी ग्राम पंचायतों के लिए विशेष ग्राम सभाओं का विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इन बैठकों का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की प्राथमिकताओं को अंतिम रूप देना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 अगस्त को विकास खंड लाहौल की शांशा, तांदी, गौशाल, बरबोग, जुंडा, केलांग, खंगसर, कोकसर, उदयपुर, तिंगरट और जाहलमा पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित होंगी। 4 को रानिका, कोलोंग, किशोरी, गोंधला, सिस्सू, सलग्रां, दारचा, मूरिंग, चिमरट, नालडा और गोहरमा और पांच को शकोली, मडग्रां, तिंदी, त्रिलोकनाथ, जोबरंग, थिरोट, यूरनाथ, वारपा, मूलिंग, कारदंग, मालंग और शूलिंग पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं होंगी। विकास खंड स्पीति में 3 अगस्त को डेमुल, ढखर, किब्बर, गियू, तावो, लांगचा, हल, काजा और लालुंग पंचायतों में तथा 4 को खुरिक, लारा, सगनम, कुंगरी और लोसर पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। उपायुक्त किरण भड़ाना ने संबंधित विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों और सभी फ्रंटलाइन कर्मचारियों को इन बैठकों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना ग्रामीण विकास की आधारशिला है और इसके माध्यम से स्थानीय स्तर की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर विकास योजनाओं में शामिल किया जाएगा। संवाद