कुल्लू। गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को ढालपुर मैदान में होने वाली परेड के लिए सोमवार को पहली रिहर्सल हुई। रिहर्सल में पुलिस जवान, होमगार्ड, आईटीबीपी, एनसीसी कैडेट और एनएसएस के स्वयंसेवी शामिल हुए।
बैंड की धुन पर कदम से कदम मिलाते हुए जवानों ने मार्चपास्ट किया। सुबह 10:00 बजे से लेकर दोपहर बाद तक रिहर्सल का सिलसिला जारी रहा। रिहर्सल के लिए जवान सुबह ही मैदान में पहुंच गए थे। इसके बाद परेड के लिए बनाई गई टुकड़ियों के प्लाटून कमांडरों को अधिकारियों की ओर से निर्देश दिए गए।
मंगलवार को भी परेड की रिहर्सल की जाएगी। बुधवार को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गणतंत्र दिवस में जहां भव्य परेड होगी वहीं विद्यार्थी और अन्य संस्थाओं के कलाकार रंगारंग कार्यक्रम पेश करेंगे। समारोह में सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगे।
एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि ढालपुर में परेड की रिहर्सल की गई। परेड को भव्य बनाया जाएगा, इसके लिए अधिकारियों को दिशानिर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस को देखते हुए सुरक्षा प्रबंधों को चाक चौबंद किया जाएगा। संवाद