मनाली। पर्यटन नगरी के ऊंचे इलाकों में मंगलवार को दूसरे दिन भी बर्फबारी का दौर जारी रहा। अटल टनल, रोहतांग दर्रा, मढ़ी में बर्फबारी हुई है। रोहतांग दर्रा यातायात के लिए बंद हो गया है। अटल टनल होकर भी सिर्फ फोर बाई फोर वाहनों ही चल रहे हैं।
मनाली के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का क्रम जारी रहा। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है। अक्तूबर के पहले सप्ताह में ही लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। अटल टनल में बर्फबारी होने से वाहनों के स्किड होने का खतरा पैदा हो गया है। पुलिस ने लोगों की सुरक्षा को देखते हुए सोलंगनाला में बैरियर लगाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। लाहौल की तरफ सिर्फ फोर बाई फोर वाहनों को ही भेजा जा रहा है। दूसरी ओर रोहतांग दर्रा यातायात के लिए बंद हो गया है। पुलिस ने मढ़ी में लगे बैरियर को गुलाबा में स्थानांतरित कर दिया है। थाना प्रभारी मनीष ने बताया कि मढ़ी में 25 सेंटीमीटर बर्फ गिरी।
एक माह पहले ही सर्दी की दस्तक
मनाली। अक्सर देखा गया है कि नवंबर के पहले सप्ताह में बर्फबारी होती रही है। लेकिन इस साल एक माह पहले ही बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। हालांकि पर्यटन की दृष्टि से यह बर्फबारी काफ़ी लाभदायक है। लेकिन अचानक हुई बर्फबारी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बारिश से सेब सीजन के साथ घाटी में घास कटाई का काम प्रभावित हो रहा है। पिछले कुछ दिनों से मनाली में पर्यटकों को संख्या में काफ़ी इजाफा देखने को मिला है। पर्यटकों को भी अपने होटलों में ही रहने को मजबूर कर दिया है। रोहतांग, सिस्सू, अटल टनल, गुलाबा और कोठी में काफी बर्फबारी हुई है जो पर्यटन की दृष्टि से अच्छा संकेत है।
-