कुल्लू जिले के निचले क्षेत्रों में हुई बूंदाबांदी, अभी दो हाईवे समेत 19 सड़कें बाधित
बर्फबारी के बाद लाहौल के लोगों की कम नहीं हुई मुश्किलें
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू/केलांग। जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में मौसम के बिगड़े मिजाज ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। वीरवार को सुबह के समय मौसम साफ बना रहा, जबकि दोपहर बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। मौसम बिगड़ने के बाद समूची घाटी फिर ठंड की चपेट में आ गई है।
लाहौल-स्पीति जिले में बर्फबारी के बाद 290 संपर्क मार्ग अभी बंद है। केवल चार सड़कों को ही बहाल किया गया है। घाटी के मयाड़, नैनगाहर और योचे संपर्क मार्ग को बहाल करने में इस बार काफी समय लग सकता है। लोक निर्माण विभाग ने सड़कों की बहाली तेजी से शुरू की है। लाहौल-स्पीति आपदा प्रबंधन के अनुसार तांदी से नॉर्थ पोर्टल, तांदी से संसारीनाला सड़क अभी बर्फबारी से बंद है। सीमा सड़क संगठन ने तांदी से जिस्पा तक सिंगल लाइन फोर बाई फोर वाहनाें के लिए सड़क बहाल की है। सीमा सड़क संगठन के 94 आरसीसी के कनिष्ठ अभियंता शुभम ने कहा कि तेलिंग नाला से हिमखंड काटकर टीम आगे बढ़ चुकी है। उदयपुर मार्ग में भी सड़क बहाली का कार्य युद्धस्तर पर चला है। 94 बीआरसीसी में तैनात तिंदी कुठाढ़ का रतन सिंह पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण घायल हो गया है। उसे सिर में चोटें आई हैं। एसडीएम उदयपुर केशव राम ने कहा कि रतन सिंह को कुल्लू लिफ्ट करने के लिए हेलीकॉप्टर की डिमांड की गई है। वहीं कुल्लू में दो नेशनल हाईवे समेत 19 सड़कें अभी भी बाधित हैं। सोलंगनाला से अटल टनल रोहतांग तक सड़क को सिंगललेन फोर बाई फोर वाहनों के लिए आपातकालीन सेवाओं के लिए खोला गया है। बंजार मंडल में तीन, कुल्लू मंडल में 8 और मनाली मंडल में 8 सड़कें बाधित है। बिजली के बंद पड़े सभी ट्रांसफार्मरों को बिजली बोर्ड ने सुचारु कर दिया है। बिजली बहाल होने के बाद जिले के लोगों ने राहत की सांस ली है। संवाद