अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर बर्फबारी के बाद मौसम खुलते ही पहुंचे पर्यटक।-संवाद
मनाली। पर्यटन नगरी में एक बार फिर मौसम सुहावना हो गया है। मार्च के अंत में मनाली के ऊंचे इलाके एक बार फिर बर्फ से सराबोर हो गए हैं। रविवार सुबह अटल टनल रोहतांग समेत ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण अटल टनल पर्यटकों के साधारण वाहनों के लिए बंद कर दी गई। सोलंगनाला में बैरियर लगाकर वाहनों को रोका गया। सोलंगनाला से आगे सिर्फ फोर बाई फोर वाहनों को ही जाने की अनुमति दी गई। पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की।
मनाली में सुबह ही बारिश का दौर शुरू हो गया था। अटल टनल रोहतांग, कोठी, रोहतांग, हामटा समेत कई ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई। दोपहर बाद मौसम खुला तो लोगों ने राहत की सांस ली। इसके अलावा लाहौल-स्पीति और मनाली की अधिकतर चोटियों में बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण शिंकुला, बारालाचा और रोहतांग मार्ग पर बीआरओ को बर्फ हटाने के कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने कहा कि अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर भी बर्फबारी हुई। पर्यटकों एवं आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों को सोलंग बैरियर से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। लोगों से अपील की गई है कि अगर अत्यंत आवश्यक हो तभी ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर यात्रा करें। ऐसे में केवल फोर बाई फोर वाहनों का ही उपयोग करें। संवाद