सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। बर्फबारी से रविवार को पर्यटन कारोबार प्रभावित रहा। सुबह के समय रोहतांग दर्रा सहित आसपास के इलाकों में हुई बर्फबारी के चलते प्रशासन और पुलिस ने पर्यटक वाहनों को अटल टनल की ओर जाने की अनुमति नहीं दी। इस कारण पर्यटक लाहौल के सिस्सू, गुफाहोटल, पागलनाला और तेलिंग का रुख नहीं कर पाए। इससे घाटी में पर्यटन कारोबारियों को भी नुकसान झेलना पड़ा।
सुबह से बर्फबारी होने के चलते पर्यटकों को स्थानीय व्यंजन परोसने वाले लोग भी अपनी दुकानें और रेहड़ी फड़ी नहीं खोल पाए। दोपहर बाद मौसम खुलने के बाद पुलिस ने घाटी की ओर पर्यटक वाहनों को जाने की अनुमति प्रदान की जिसके चलते कुछ कारोबारियों ने अपनी दुकानें और रेहड़ी-फड़ी खोली। गिनती के पर्यटक ही घाटी पहुंच पाए हैं।
रविवार होने के कारण उन्हें काफी ज्यादा उम्मीद थी कि अच्छा खासा कारोबार होगा लेकिन बर्फबारी ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। कारोबारी रजत, प्रशांत, समीर, सुशांत, शालू और रवि ने बताया कि रविवार को खराब मौसम और बर्फबारी से कम ही पर्यटक घाटी का रुख कर पाए। इस कारण उनका कारोबार भी दोपहर तक बंद रहा। संवाद