मनाली के अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर बर्फबारी के बाद का नजारा।-संवाद
मनाली (कुल्लू)। जिले की ऊंची चोटियों पर मंगलवार को भी बर्फबारी हुई। रोहतांग गए पर्यटकों के कदम बर्फ के फाहों ने रोक लिए। सुबह लगभग 100 से अधिक वाहन परमिट लेकर रोहतांग की ओर गए।
मढ़ी में भारी हिमपात होता देख पुलिस ने पर्यटकों को रोहतांग नहीं भेजा। ऐसे में सैलानियों ने मढ़ी में ही बर्फ का आनंद उठाया। रोहतांग के साथ कुल्लू और लाहौल की ऊंची चोटियों में हिमपात का क्रम जारी रहा। मनाली सहित घाटी में बारिश का क्रम चलता रहा। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। बारिश से मनाली शीतलहर की चपेट में आ गया है।
मंगलवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। मनाली में बारिश हुई जबकि सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक, घेपन पीक में फाहे गिरने से चोटियां सफेद हो गईं। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि मंगलवार को हिमपात के चलते रोहतांग दर्रा पर्यटकों को लिए बंद रहा। उन्होंने बताया कि पर्यटकों ने मढ़ी में बर्फ के फाहों का आनंद लिया। संवाद
मनाली के अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर बर्फबारी के बाद का नजारा।-संवाद