कुल्लू। अटल टनल की संपर्क सड़क से बर्फ हटाने का कार्य लगातार जारी है। इस कार्य में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) तथा जिला प्रशासन की मशीनरी युद्धस्तर पर जुटी हुई है। यह बात उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि बर्फबारी के कारण सड़क पर फिसलन बनी हुई है। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद सड़क को जल्द बहाल करने के लिए संबंधित विभागों की ओर से समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता सड़क को सुरक्षित बनाना और आम जनता एवं पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधन भी लगाए जा रहे हैं। उन्होंने सैलानियों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। संवाद