शिक्षा विभाग ने जारी किया बजट, बरसात में जिले के 60 स्कूलों को पहुंचा है नुकसान
स्कूल भवनों की मरम्मत होने से विद्यार्थियों को मिलेगी राहत, बाधित नहीं होगी पढ़ाई
राजीव नैय्यर
कुल्लू। जिले में इस साल बरसात ने न सिर्फ घरों, बल्कि स्कूलों को भी तबाह कर दिया है। अब शिक्षा विभाग ने राहत की किरण दिखाई है। 6.58 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। इससे छह बड़े विद्यालयों के भवनों का जीर्णोद्धार होगा। इन विद्यालयों में पढ़ाई बिना किसी रुकावट जारी रहेगी।
उच्च शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार बरसात में जिले के सातों शिक्षा खंडों कुल्लू-एक, कुल्लू-दो, बंजार, नग्गर, आनी, निरमंड और सैंज में 60 विद्यालयों को पूर्ण और आंशिक रूप से क्षति पहुंची है। शिक्षा खंड आनी के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी, शिक्षा खंड बंजार के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंजार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुशैणी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंगलौर, शिक्षा खंड कुल्लू-दो के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जांऊ और राजकीय उच्च विद्यालय ज्येष्ठा को बजट जारी किया गया है। उपरोक्त छह विद्यालयों में अध्ययनरत हजारों विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। विद्यालयों के भवनों का जीर्णोद्धार होने से नियमित कक्षाएं लगाने में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा और विद्यार्थी भी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। उधर, इस संबंध में उच्च शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा ने कहा कि शिक्षा विभाग ने छह विद्यालयों के भवनों के जीर्णोद्धार के लिए 6.58 करोड़ का बजट जारी किया है। इस बजट से विद्यालयों को भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं से हुए नुकसान की मरम्मत की जाएगी। संवाद