सैंज घाटी के सिउंड रैला रोड़ बिहाली मोड़ के पास सड़क पर दलदल से वाहन निकालने में जुटे लोग।-संवाद
न्यूली (कुल्लू)। घाटी का सिउंड-न्यूली मार्ग एक बार फिर दलदल में तबदील हो गया, जिससे वाहनों की आवाजाही करीब आठ से दस घंटे तक बाधित रही। लगातार बारिश के कारण सिउंड कैंची के पास सड़क दलदल बन गई। इसमें कई वाहन फंस गए और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बुधवार रात हुई बारिश के चलते सड़क दलदल में बदल गई। इससे रात से ही वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। वीरवार सुबह करीब 10 बजे इस मार्ग को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया और यातायात सामान्य हो गया। यह मार्ग बड़े वाहनों के लिए पहले से ही बंद है, जिसके चलते यहां केवल छोटे वाहन ही चलते हैं। ऐसे में मार्ग के बंद होने से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं।
क्षेत्र के डावे राम, इंद्र दत्त, प्रीतम चंद, परी दत्त, सुंदर सिंह, ज्ञान चंद और यान सिंह ने बताया कि मार्ग के बार-बार बंद होने से उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण सड़क पर बार-बार दलदल बन रहा है, जिससे छोटे वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। संवाद