सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में एनएचपीसी के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा
विधायक भी हुए तल्ख, कार्यक्रम में बिजली-पानी, सड़क और राजस्व से मुद्दे भी उठे
सुंदर बोले- नुकसान की भरपाई के लिए काम होने के बाद ही वापस लेंगे एफआईआर
संजय कुमार
भुंतर (कुल्लू)। गड़सा घाटी में शुक्रवार को सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम एनएचपीसी के खिलाफ जन आक्रोश का मंच बन गया। गड़सा से लेकर हुरला तक हुए नुकसान को लेकर ग्रामीणों ने खुलकर आवाज उठाई।
कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने भी एनएचपीसी के अधिकारियों को सीधे कटघरे में खड़ा कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि एनएचपीसी की डंपिंग साइट के कारण गड़सा से हुरला तक नुकसान हुआ है। विधायक भी एनएचपीसी के अधिकारियों पर तल्ख हुए। लोगों ने कार्यक्रम में बिजली-पानी, सड़क और राजस्व से मुद्दे भी रखे।
दिन : शुक्रवार, समय : 10 बजे। गड़सा में लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ। कई लोग आयोजन स्थल पर सुबह 10 बजे पहुंच गए थे। अधिकारियों समेत अन्य लोग अपनी-अपनी जगह पर बैठ गए। हालांकि मुख्यातिथि के आने तक उन्हें इंतजार करना पड़ा। दोपहर 1:20 बजे कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर पहुंचे। अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। दोपहर 1:30 बजे सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम शुरू हुआ।
जेष्ठा पंचायत से दिनेश कुमार ने सवाल उठाया कि उठाऊ पेयजल योजना का काम बहुत धीमी गति से चल रहा है। वर्ष 2021 में योजना स्वीकृत हुई थी। 2024 में टेंडर लगा। जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने काम तेजी से करने की हामी भरी थी। गड़सा की अनिता ने कहा कि आपदा के बाद उनका मकान खतरे की जद में है। इसके लिए मौका किया जाए। शोभा राम जोशी ने बिजली के खंभे की समस्या उठाई। दियार के छापे राम ने कहा कि पांच साल से तकसीम नहीं हो रही हैं। ओम चंद ने पानी के निकासी की समस्या के साथ दियार प्रोहधार में बस सेवा शुरू करने की मांग रखी। विधायक सुंदर ठाकुर ने कहा कि जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।
अजय पाल ने गड़सा पंचायत में तटीकरण की मांग की। देवी सिंह पाल ने कहा कि एनएचपीसी की डंपिंग साइट के कारण गड़सा घाटी में बहुत नुकसान हुआ है। उन्होंने एनएचपीसी से नुकसान की भरपाई करने की मांग भी की। विधायक ने भी कहा कि गड़सा नाले में नुकसान के लिए एनएचपीसी जिम्मेदार है। साडा का चेयरमैन होने के नाते एनएचपीसी के खिलाफ एफआईआर करवाई है, यह तभी वापस होगी, जब नुकसान कम करने के लिए काम होगा।
बनाला में सड़क की खराब हालत का मामला भी उठाया
उत्तम राम ने दियार में घर क्षतिग्रस्त, कुबेर सिंह ने बनाला में सड़क की खराब हालत की समस्या रखी। किरण प्रकाश ने नीनू नाला में डंगा लगाने, हुरला पंचायत से टहल सिंह राणा ने 2025 से हुरला थरास को उठाऊ पेयजल योजना खराब होने के बाद नई लाइन बिछाने की मांग रखी। इस दौरान उपायुक्त तोरुल एस रवीश और पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल भी मौजूद रहे।